ईरान-अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने के बीच डॉलर के मजबूत होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण बुधवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे टूटकर 96.90 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी और शेयर सूचकांक में गिरावट से भी रुपये पर दबाव रहा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.89 पर खुला और फिर पिछले बंद भाव से 20 पैसे की गिरावट दर्ज करते हुए 96.90 पर आ गया।
मंगलवार को रुपया लगातार आठवें सत्र में गिरावट के साथ बंद हुआ और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 50 पैसे की गिरावट के साथ 96.70 के अपने रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.262 पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर, सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 517.11 अंक गिरकर 74,667.51 पर आ गया, जबकि निफ्टी 152.45 अंक गिरकर 23,475.80 पर आ गया।
