पंजाब सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव सह वित्तीय आयुक्त अनुराग वर्मा को कृषि और परिवहन विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में तैनात किया है।
वर्मा की जगह राजस्व विभाग में जसप्रीत तलवार को नियुक्त किया गया है।
मोहाली में 348 करोड़ रुपये की लागत वाली सनटेक सिटी परियोजना में कथित अनियमितताओं के मामले में धनशोधन की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा वर्मा से आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ किए जाने के महज एक सप्ताह बाद यह फेरबदल किया गया है।
वर्मा उस अवधि के दौरान आवास और शहरी विकास विभाग का नेतृत्व कर रहे थे, जब कई कथित उल्लंघन हुए थे।
सनटेक सिटी की जांच उन आरोपों पर केंद्रित है कि 15 भूस्वामियों के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान वाले जाली सहमति पत्रों का उपयोग लगभग 30.5 एकड़ के लिए सीएलयू अनुमोदन प्राप्त करने के लिए किया गया था।
ईडी ने आरोप लगाया है कि बिक्री विलेख के निष्पादन के बिना खरीदारों से 150 करोड़ रुपये से अधिक एकत्र किए गए। इसकी जांच में अल्टस स्पेस बिल्डर्स परियोजना से जुड़ी कथित अनियमितताएं भी शामिल हैं।
ईडी की जांच के दायरे में आने वालों में रियल एस्टेट कारोबारी अजय सहगल, सुरेश कुमार बजाज और नितिन गोहल के अलावा इंडियन कोऑपरेटिव हाउसिंग बिल्डिंग सोसाइटी और सनटेक सिटी परियोजना से जुड़े अन्य लोग शामिल हैं।
ताजा फेरबदल में अर्शदीप सिंह थिंड को भी प्रशासनिक सचिव (कृषि) के रूप में स्थानांतरित कर दिया गया है।
अजीत बालाजी जोशी अब सहकारिता और कराधान विभाग का प्रभार संभालेंगे, जबकि परिवहन के प्रशासनिक सचिव रहे वरुण रूजम केवल खेल विभाग का प्रभार संभालेंगे।

