शेयर बाजारों में उछाल; एफआईआई के प्रवाह से सेंसेक्स 889 अंक उछला, निफ्टी 24,250 पर बंद

एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और इंफोसिस जैसे ब्लू-चिप शेयरों में लिवाली और विदेशी फंडों के ताजा प्रवाह के बाद बेंचमार्क सेंसेक्स बुधवार को लगभग 889 अंक तक उछल गया, जबकि निफ्टी 24,250 पर बंद हुआ।

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 888.68 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,654.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 999.57 अंक यानी 1.30 प्रतिशत बढ़कर 77,765.49 अंक पर पहुंच गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 264.85 अंक यानी 1.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,250.20 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी-50 के 38 शेयरों में तेजी रही और 12 शेयर नीचे बंद हुए।

सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर में सबसे ज्यादा 4.7 फीसदी और इंफोसिस में 4.5 फीसदी की तेजी रही।

तिमाही नतीजों के बाद लार्सन एंड टुब्रो के शेयर 2.55 प्रतिशत बढ़ गए। ट्रेंट, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी लाभ में रहे।

अडानी पोर्ट्स में 3.19 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपने ट्रक और बस कारोबार को 525 करोड़ रुपये में एसएमएल महिंद्रा को हस्तांतरित करने की घोषणा की थी, लेकिन इसमें 1.51 प्रतिशत की गिरावट आई। एसएमएल महिंद्रा का शेयर 20 फीसदी की तेजी के साथ 4,565.50 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *