भारत को विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त विनिर्माण राष्ट्र के रूप में उभरना चाहिए: पीयूष गोयल

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नवाचार को बढ़ावा देने और औद्योगिक परिवर्तन में तेजी लाने के लिए उद्योग, शिक्षा जगत और सरकार के बीच मजबूत सहयोग का आह्वान किया है।

आईएसआईडी और आईडीआरए द्वारा आयोजित भारत के औद्योगिक परिवर्तन पर चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोयल ने भारत के औद्योगिक विकास में तेजी लाने के लिए गुणवत्ता, वैश्विक बाजार पहुंच, बड़े पैमाने की अर्थव्यवस्थाओं और समावेशिता को चार प्रमुख कारकों के रूप में पहचाना।

मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “जीरो डिफेक्ट, जीरो इफेक्ट” के दृष्टिकोण को दोहराया और भारतीय निर्माताओं से निर्यात का विस्तार करने और अपनी वैश्विक उपस्थिति को मजबूत करने के लिए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत तरजीही बाजार पहुंच का लाभ उठाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, “भारत के 1.4 अरब लोगों के घरेलू बाजार का पैमाना, अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच के साथ, निर्माताओं को सामर्थ्य और प्रतिस्पर्धी उत्पादन लागत हासिल करने में सक्षम बना सकता है।

भारत की व्यापार नीति के बारे में गोयल ने कहा कि देश के व्यापार समझौते शुल्क कम करने, मूल नियम बनाने या बाजार पहुंच हासिल करने तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि इसका उद्देश्य व्यापक साझेदारी बनाना है जो भारत की प्रतिस्पर्धी ताकत का लाभ उठाए, निर्यात को बढ़ावा दे, संवेदनशील क्षेत्रों की रक्षा करे और ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू), मेमोरी टेक्नोलॉजी, चिकित्सा प्रौद्योगिकी और भारत के विकास के लिए आवश्यक अन्य उत्पादों सहित उन्नत प्रौद्योगिकियों तक पहुंच की सुविधा प्रदान करे।

उन्होंने कहा, “भारत की व्यापार वार्ता में सेवाएं, निवेश, शिक्षा, कौशल विकास, प्रौद्योगिकी साझेदारी और जलवायु लक्ष्यों और देशों के राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान के लिए सहयोग भी शामिल है।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की वार्ता का जिक्र करते हुए गोयल ने कहा, ‘किसानों और अन्य हितधारकों के संवेदनशील हितों से समझौता नहीं किया गया है और भारत को मजबूत तुलनात्मक लाभ मिलेगा।

गोयल ने आगे कहा कि सरकार द्वारा किए गए नौ मुक्त व्यापार और द्विपक्षीय व्यापार समझौतों ने 60,000 अरब डॉलर के संयुक्त सकल घरेलू उत्पाद के साथ अर्थव्यवस्थाओं के लिए तरजीही बाजार पहुंच हासिल की है, जबकि 2014 से पहले हस्ताक्षरित समझौतों द्वारा 10 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर को कवर किया गया था।

उन्होंने कहा कि पहले के समझौते बड़े पैमाने पर भारत के साथ प्रतिस्पर्धा करने वाले देशों के साथ होते थे, जबकि सरकार का वर्तमान दृष्टिकोण अर्थव्यवस्थाओं के साथ व्यापार साझेदारी बनाने पर केंद्रित था जो भारत की ताकत के पूरक हैं।

गोयल ने कहा कि भारत अगले 20 से 25 साल तक दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा।

नवाचार और उद्यमिता को समर्थन देने के लिए सरकार की पहलों पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि पहले स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स का पूरी तरह से उपयोग किया गया था, जबकि दूसरा फंड अब लागू है।

उन्होंने अनुसंधान, विकास और नवाचार कोष (आरडीआईएफ) का भी उल्लेख किया, यह देखते हुए कि इन पहलों ने भारत के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में मदद की है, जिससे यह दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *