दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार को एक चार मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से महिलाओं और एक नाबालिग लड़की समेत नौ लोगों को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के अनुसार, मानसरोवर पार्क के डी-45 में आग लगने के संबंध में देर रात 12 बजकर तीन मिनट पर एक फोन आया।
दमकल की तीन गाड़ियां और एक वाटर बोजर मौके पर भेजा गया। दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इमारत के भूतल पर पार्किंग क्षेत्र में रखी घरेलू वस्तुओं में आग लग गई।
बचाव अभियान के दौरान डीएफएस कर्मियों ने इमारत की विभिन्न मंजिलों पर फंसे नौ लोगों को निकाला और धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया।
घायलों की पहचान वंशिका (20), तनिष्का सोनी (19), दुर्गेश (49), योगेश वर्मा (50), राज रानी (65), अरुण गर्ग (48), अनन्या (12), रेणु गर्ग (19) और प्रतीक गर्ग (19) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि बचाए गए सभी लोगों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि आग पर बाद में काबू पा लिया गया और आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

