पटियाला के लॉरिएंट रिसॉर्ट्स में शुक्रवार को ‘ट्रिब्यून पंजाब अचीवर्स 2026’ कार्यक्रम बहुत धूमधाम से आयोजित किया गया। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, उद्योग और उद्यमिता के क्षेत्रों में बेहतरीन काम करने वालों को सम्मानित किया गया। समारोह में पंजाब के स्थानीय सरकार, स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा और भाषा, तकनीकी शिक्षा और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस मौके पर ट्रिब्यून समूह के जनरल मैनेजर अमित शर्मा, दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल, पंजाबी ट्रिब्यून की संपादक अरविंदर कौर जोहल भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड (सोनालिका) टाइटल स्पॉन्सर था, जबकि लैंडफोर्स (दशमेश मैकेनिकल वर्क्स, अमरगढ़) को-स्पॉन्सर था। अल-बसीर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज ने गिफ्टिंग पार्टनर के तौर पर काम किया, जबकि जगशान एंटरप्राइजेज और लॉरिएंट रिसॉर्ट्स ने सेलिब्रेशन और हॉस्पिटैलिटी पार्टनर के तौर पर योगदान दिया।
मंडेर ब्रदर्स ने अपने संगीत कार्यक्रम से दर्शकों का मन मोह लिया। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जनहित के मुद्दों को उठाने में द ट्रिब्यून की भूमिका की सराहना की और कहा कि ट्रिब्यून लंबे समय से लोगों की आवाज बना हुआ है। इसने कभी किसी मुद्दे से मुंह नहीं मोड़ा और जनता से जुड़े मामलों को प्रभावशाली ढंग से उठाया है। गौरतलब है कि इन पुरस्कारों के ज़रिए उन संस्थानों और संगठनों के बेहतरीन योगदान को मान्यता दी गई जिन्होंने इनोवेशन, सस्टेनेबिलिटी, समावेशिता और सामाजिक ज़िम्मेदारी का प्रदर्शन किया। यह आयोजन बठिंडा में हुए सफल अवॉर्ड समारोह के बाद हुआ, जिसमें मालवा क्षेत्र के कामयाब लोगों को सम्मानित किया गया था।
इन्हें मिला सम्मान
सम्मानित होने वालों में आरआईएमटी यूनिवर्सिटी, इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड, लैंडफोर्स अमरगढ़, अल-बसीर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज, रिसेला ग्रुप धुरी, टैगोर इंटरनेशनल स्कूल अकबरपुर अफगाना, द पंजाब पब्लिक स्कूल नाभा, जगशान एंटरप्राइजेज, लॉरिएंट होटल्स एंड रिसॉर्ट्स पटियाला, सेंट अत्री पब्लिक स्कूल लालड़ू, क्रॉकरी एसोसिएशन चंडीगढ़, जेके मेमोरियल ग्लोबल स्कूल बगड़ियन, सुभाष जनसेवा फाउंडेशन, राइस मिलर्स एसोसिएशन मलेरकोटला, केयर मल्टी स्पेशलिटी सेंटर पटियाला, एडुमोंट वर्ल्ड स्कूल नाभा, मेहर बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट बस्सी पठाना शामिल थे। इनमें रिखिदेव स्पोर्ट्स क्लब पटियाला, रोटरी क्लब राजपुरा और द पटियाला वेलफेयर सोसायटी भी शामिल हैं।
