वाहन उद्योग के संगठन सियाम ने गुरुवार को कहा कि जुलाई में घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 34.3 प्रतिशत बढ़कर 4,57,810 इकाई हो गई।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने एक बयान में कहा कि जुलाई 2025 में यात्री वाहनों की बिक्री 3,40,772 इकाई थी।
कंपनी ने कहा कि दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री 22.6 प्रतिशत बढ़कर 19,23,483 इकाई हो गई, जो पिछले साल जुलाई में 15,69,120 इकाई थी।
कंपनी ने कहा कि पिछले महीने डीलरों को तिपहिया वाहनों की बिक्री 33.4 प्रतिशत बढ़कर 92,560 इकाई हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 69,403 इकाई थी।
सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, ‘भारत के वाहन उद्योग ने यात्री वाहनों, तिपहिया और दोपहिया वाहनों में दोहरे अंकों की वृद्धि के साथ जुलाई में अब तक की सबसे मजबूत बिक्री दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक गति कई महीनों से जारी है, क्योंकि उद्योग मजबूत उपभोक्ता भावना की उम्मीदों के साथ त्योहारी सीजन में प्रवेश कर रहा है।

