जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त कोमल मित्तल ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 के कार्यों की समीक्षा की

जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त कोमल मित्तल ने आज स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 के अंतर्गत जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित दैनिक ऑनलाइन समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की तथा विभिन्न गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब तक 31.31 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 11 मतदान केंद्रों पर 90 प्रतिशत से अधिक डिजिटाइजेशन हो चुका है, जबकि 7 मतदान केंद्रों पर 80 से 90 प्रतिशत तक कार्य पूरा हो चुका है। इसके अतिरिक्त 2 मतदान केंद्रों पर डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि वे शेष कार्य में तेजी लाते हुए एस.आई.आर.-2026 की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1,200 से अधिक है, वहां भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नए मतदान केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए, ताकि मतदाताओं को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर, पूर्ण पारदर्शिता, दक्षता एवं शुद्धता के साथ संपन्न किए जाएं।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त-सह-उप जिला निर्वाचन अधिकारी गीतिका सिंह, एस.डी.एम. खरड़ गुरमीत सिंह, निर्वाचन तहसीलदार हरप्रीत कौर तथा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *