अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से उत्साहित शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी बुधवार को बढ़त के साथ लगातार चौथे सत्र में बंद हुए।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 347.14 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,155.62 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 410.51 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,218.99 अंक पर पहुंच गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 96.55 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,085.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 119.05 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,108.20 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में ट्रेंट में सबसे ज्यादा 7.06 प्रतिशत की तेजी रही। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इटरनल, टाटा स्टील, इंफोसिस, टाइटन और भारती एयरटेल भी विजेताओं में शामिल रहे।
बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा में गिरावट दर्ज की गई।
ब्रेंट कच्चा तेल वैश्विक बेंचमार्क 79.10 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास भू-राजनीतिक तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में लगातार कमजोरी से निवेशकों की धारणा में तेजी आई है।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक और शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुआ जबकि हांगकांग का हेंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ।
यूरोप के बाजार मिलाजुले रुख पर कारोबार कर रहे थे।
अमेरिकी बाजार मंगलवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को एक दिन की राहत के बाद 749.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
मंगलवार को सेंसेक्स 544.15 अंक यानी 0.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,808.48 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 135.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,989.15 अंक पर बंद हुआ।

