एस.आई.आर. का 100 प्रतिशत कार्य समय से पूरा करने वाले बी.एल.ओ. जगतार सिंह को उपायुक्त ने किया सम्मानित

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 के तहत खरड़ विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 108 के बी.एल.ओ. तथा सरकारी एलिमेंट्री स्कूल लुबानगढ़ के अध्यापक श्री जगतार सिंह द्वारा 100 प्रतिशत कार्य निर्धारित समय में पूरा किए जाने पर आज जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त श्रीमती कोमल मित्तल, अतिरिक्त उपायुक्त (विकास)-सह-उप जिला निर्वाचन अधिकारी गीतिका सिंह तथा एस.डी.एम.-सह-इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारी, खरड़ गुरमीत सिंह ने श्री जगतार सिंह को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब द्वारा जारी प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

उपायुक्त ने श्री जगतार सिंह, उनके सुपरवाइजर गुरप्रीत सिंह (कृषि विकास अधिकारी) तथा एस.डी.एम.-सह-ई.आर.ओ., खरड़ गुरमीत सिंह को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि एस.आई.आर.-2026 के दौरान जिम्मेदारी और समर्पण के साथ किया गया कार्य लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी बी.एल.ओ. से आह्वान किया कि वे श्री जगतार सिंह से प्रेरणा लेकर एस.आई.आर. का कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पूरा करें।

इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी (स्वीप) प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने बताया कि श्री जगतार सिंह अपनी कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए पहले भी तीन बार सर्वाधिक नए मतदाता पंजीकृत करने वाले बी.एल.ओ. के रूप में सम्मानित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनावों के दौरान उनके बूथ पर 89.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जिसके लिए भी उन्हें जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि श्री जगतार सिंह की यह उपलब्धि उनकी समर्पित सेवा, अथक परिश्रम और लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है तथा सभी बी.एल.ओ. के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस समारोह के दौरान जिला नोडल अधिकारी (स्वीप) प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल तथा चुनाव तहसीलदार हरप्रीत कौर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *