मुजफ्फरनगर जिले में सड़क किनारे मांसाहारी भोजनालय में तोड़फोड़ करने के आरोप में एक हिंदू संगठन की युवा शाखा के जिला अध्यक्ष सहित 20 से अधिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ढाबा जिले के छापर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिसोना गांव के पास स्थित है।
क्षेत्राधिकारी रविशंकर ने बताया कि ढाबा मालिक आजाद की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हिंदू रक्षा दल की युवा शाखा के जिला अध्यक्ष हेमंत शर्मा सहित उसके 20 से अधिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ सोमवार को ढाबे में तोड़फोड़ करने का मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।
आजाद के अनुसार, दो दर्जन से अधिक लोगों ने सोमवार को कथित तौर पर उनके ढाबे में प्रवेश किया, फ्लेक्स बोर्ड को हटा दिया और उसे जला दिया। उन्होंने उनके कर्मचारियों को भी पीटा और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, यह धमकी देते हुए कि कुछ महीनों बाद शुरू होने वाली कावड़ यात्रा के रास्ते पर मांसाहारी ढाबा नहीं जाने दिया जाएगा।