उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के परिसर में तेज बारिश के बाद जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. टर्मिनल से पार्किंग एरिया की ओर जाने वाले रास्ते पर पानी भरने से यात्रियों और वहां मौजूद लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस जलभराव का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में एयरपोर्ट के पार्किंग कंपाउंड के पास काफी मात्रा में पानी जमा हुआ दिखाई दे रहा है.जबकि एयरपोर्ट प्रबंधन के कर्मचारी पानी की निकासी में जुटे नजर आ रहे हैं.
30 मिनट में स्थिति की गई सामान्य
सोशल मीडिया पर जल निकासी व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन ने अपना आधिकारिक बयान जारी किया है. प्रबंधन के अनुसार तेज बारिश के कारण टर्मिनल और पार्किंग एरिया को जोड़ने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए पानी जमा हो गया था.
मार्च 2026 में हुआ था पहले चरण का उद्घाटन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के लिए हवाई कनेक्टिविटी का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है. इस बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को किया था जिसकी आधारशिला उन्होंने 25 नवंबर 2021 को रखी थी. पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में करीब 11,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है. जिसके तहत आधुनिक टर्मिनल और रनवे तैयार किया गया है.
15 जून से शुरू हुआ था व्यावसायिक उड़ानों का संचालन
उद्घाटन के बाद 15 जून 2026 से एयरपोर्ट से नियमित व्यावसायिक उड़ानों का संचालन शुरू हुआ. पहली कमर्शियल फ्लाइट इंडिगो की थी जिसने लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी. इसके बाद अन्य एयरलाइंस ने भी यहां से अपनी सेवाएं शुरू कर दी थीं.

