नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार को उतरते समय दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में 47 वर्षीय एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य यात्री घायल हो गया।
नेपाल पुलिस के एक बयान के अनुसार, सोलुखुम्बु जिले के खुम्बु पासांग ल्हामू ग्रामीण नगर पालिका के वार्ड 4 के फेरिचे में उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए।
जिला पुलिस कार्यालय सोलुखुम्बु के अनुसार, फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर स्थानीय समयानुसार सुबह करीब आठ बजकर 11 मिनट पर आपस में टकरा गए।
पुलिस निरीक्षक मौसम तमांग ने बताया कि मृतक की पहचान फिशटेल एयर हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलरामडु के रूप में हुई है।
इस हादसे में न्यूजीलैंड के रहने वाले भारतीय मूल के 49 वर्षीय शैलेश कृष्ण पटेल घायल हो गए। तमांग ने बताया कि प्रभु हेलीकॉप्टर से उन्हें काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया।
इस घटना में फिशटेल एयर के नेपाली पायलट रबींद्र प्रजापति और डायनेस्टी एयर के प्रज्वल केसी भी घायल हो गए और उन्हें आगे के इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है।
फेरिचे काठमांडू से 150 किमी उत्तर-पूर्व में माउंट एवरेस्ट बेस कैंप के रास्ते में स्थित है।
पुलिस ने बताया कि बलरामरामदु के शव को लुक्ला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार यात्रियों की संख्या की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि वे घटना के बारे में और जानकारी जुटा रहे हैं।

