दुबई-मुंबई इंडिगो के एक विमान में 194 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को ले जा रहा था, जिसे सोमवार को गुजरात के राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया।
हवाई अड्डा प्रबंधन ने एक बयान में कहा, ‘दुबई से मुंबई जा रही उड़ान संख्या आईजीओ 1452 में 194 लोग सवार थे, जिसे कार्गो होल्ड क्षेत्र में धुआं पाए जाने के बाद राजकोट की ओर मोड़ दिया गया।
बयान में कहा गया है कि संदेश मिलने के बाद दोपहर दो बजकर 45 मिनट पर हवाई अड्डे पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई और विमान दोपहर तीन बजकर 27 मिनट पर सुरक्षित उतर गया।
पुलिस ने बताया कि सभी यात्रियों को बिना किसी चोट के बाहर निकाल लिया गया जबकि तकनीशियनों ने धुएं के कारण का पता लगाने के लिए विमान की जांच शुरू कर दी।
हवाई अड्डा पुलिस थाने के निरीक्षक केपी तरेतिया ने कहा कि पायलट ने संदिग्ध धुएं के बारे में हवाई यातायात नियंत्रण को सूचित किया और गुजरात के राजकोट में आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी।
अधिकारी ने कहा, ‘पायलट को विमान के अंदर धुएं की आशंका थी और उसने एहतियात के तौर पर राजकोट हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा था। विमान सुरक्षित उतर गया।
उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार दिया गया और उन्हें हवाई अड्डे के टर्मिनल के अंदर एक निर्दिष्ट क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया।
एयरलाइन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘एयरलाइन की तकनीकी टीम हवाई अड्डे पर पहुंच गई है और विमान का निरीक्षण कर रही है। विमान में कोई आग नहीं लगी थी।
