अंबासमुद्रम से विधायक एसाक्की सुबाया ने मंगलवार को अन्नाद्रमुक से इस्तीफा दे दिया और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व वाले तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) में औपचारिक रूप से शामिल हो गए, जो दो दिनों में पार्टी में शामिल होने वाले अन्नाद्रमुक के चौथे बागी विधायक बन गए।
सुब्बैया विधायक पद से इस्तीफा सौंपने के लिए स्पीकर जेसीडी प्रभाकर से मिलने पहुंचे। वह अन्नाद्रमुक के उन 25 विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने इससे पहले 13 मई को विश्वास मत के दौरान पार्टी व्हिप की अवहेलना की थी और टीवीके सरकार का समर्थन किया था।
इससे पहले सोमवार को शनमुगम के बागी खेमे के तीन विधायकों ने पार्टी छोड़कर विजय खेमे में शामिल हो गए थे। अन्नाद्रमुक के विधायक के. मारगथम, डी जयकुमार और वी सत्यभामा ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया और सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल हो गए।
अन्नाद्रमुक के पलानीस्वामी गुट ने विधानसभा अध्यक्ष से मंगलवार को पार्टी के तीन विधायकों के इस्तीफे स्वीकार नहीं करने का आग्रह करते हुए कहा कि वे अपने इस्तीफे की अधिसूचना जारी होने से पहले ही सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल हो गए।
अन्नाद्रमुक पार्टी के सचेतक एसएस कृष्णमूर्ति ने जोर देकर कहा कि पार्टी के फरमान का उल्लंघन करने वाले और 13 मई को हुए शक्ति परीक्षण में टीवीके नीत सरकार के पक्ष में मतदान करने वाले 25 विधायकों को अयोग्य ठहराने की मांग करने वाली उनकी पिछली याचिका अध्यक्ष के समक्ष लंबित है, लेकिन वह संबंधित नेताओं के इस्तीफे को स्वीकार नहीं कर सकते।
