भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में ब्रह्मपुरी 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान बन गया।
हालांकि, मौसम विभाग ने 29 मई से गर्मी से धीरे-धीरे राहत मिलने का अनुमान जताया है।
आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा, “अगले सात दिनों के दौरान मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में और अगले तीन से पांच दिनों तक पूर्वी और पड़ोसी प्रायद्वीपीय भारत में लू से गंभीर लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आयानगर और रिज मौसम केंद्रों में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 43.8 डिग्री, पालम में 43.7 डिग्री और सफदरजंग में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के ब्रह्मपुरी में तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
चंद्रपुर में पारा 45.6 डिग्री, वर्धा में 45.5 डिग्री, नागपुर में 45.4 डिग्री, अमरावती में 45.2 डिग्री और गोंदिया में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि श्रीगंगानगर राजस्थान का सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वनस्थली 45.1 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 44.9 डिग्री और कोटा, फलोदी और बीकानेर में 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा। जयपुर में तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर में मौसम विज्ञान केंद्र ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम की स्थिति शुष्क रहने की संभावना है।
विभाग ने आगे कहा कि 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में पारा 46-47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हालांकि, आईएमडी ने कहा कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ से 28-29 मई तक कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, जिसमें तेज आंधी और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है।
प्रयागराज, उरई और जानसी में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस, आगरा में 45.4 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा और पंजाब में गर्म मौसम की स्थिति बनी हुई है और सिरसा में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म स्थान बन गया है।
रोहतक और भिवानी में तापमान क्रमश: 45.3 डिग्री और 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में पारा 42 डिग्री, हिसार में 43.8 डिग्री, करनाल में 42.8 डिग्री और गुरुग्राम में 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में भी 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

