पंजाब के गुरदासपुर में ग्रेनेड फेंके जाने की घटना में 3 गिरफ्तार

पंजाब के गुरदासपुर में पिछले महीने ग्रेनेड फेंकने की घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गुरदासपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस विंग के साथ मिलकर ये गिरफ्तारियां की हैं। पुलिस ने एक आरोपी के पास से हथगोला भी बरामद किया है।

गुरदासपुर में गीता भवन रोड के पास 27 अप्रैल को दो अज्ञात युवकों ने एक दुकान के बाहर हथगोला फेंका था। पुलिस ने बताया कि ग्रेनेड की पिन बरकरार रहने के कारण इसमें विस्फोट नहीं हुआ।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “एक बड़ी सफलता में, गुरदासपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस, पंजाब के साथ समन्वय में 27.04.2026 को गीता भवन रोड, #Gurdaspur के पास बरामद किए गए एक हथगोले से जुड़े ग्रेनेड मामले को सुलझाया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

तकनीकी जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने हैंड ग्रेनेड फेंकने में शामिल आरोपियों की पहचान की। डीजीपी ने बताया कि जांच के दौरान एक आरोपी के घर से एक और हथगोला बरामद किया गया।

यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी एक विदेशी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था और उसे हैंडलर से दो हथगोले मिले थे।

उन्होंने बताया कि इस मामले में गुरदासपुर के सिटी पुलिस थाने में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि विदेशी हैंडलर और स्थानीय समर्थन नेटवर्क सहित फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज स्थापित करने के लिए आगे की जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *