गुजरात के सुरेंद्रनगर में एक टैंकर से टकराने के बाद बस में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार तड़के गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक बस के टैंकर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे चार यात्रियों की जलकर मौत हो गई और 10 अन्य झुलस गए।

पुलिस उपाधीक्षक एसएस भदोरिया ने बताया कि यह घटना रात करीब 1.30 बजे चोटिला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर संगानी गांव के पास हुई।

अहमदाबाद से राजकोट जा रही एक निजी लग्जरी बस की टक्कर आगे चल रहे डामर से भरे टैंकर से हो गई। चोटिला के पास टक्कर के बाद बस में आग लग गई।

भदोरिया ने बताया कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे और उनमें से कई को बचा लिया गया।

डिप्टी कलेक्टर एचटी मकवाना ने कहा, “निजी बस और डामर से भरे टैंकर के बीच हुई टक्कर में चार यात्री जिंदा जल गए।”

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में दस लोग घायल हुए हैं।

मकवाना ने बताया कि घायलों को राजकोट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला रेफरल अस्पताल ले जाया गया।

सूचना मिलते ही दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *