बेंगलुरू में युवक ने पत्नी पर फेंका तेजाब, चाकू से हमला

जेपी नगर के पास एक व्यक्ति ने अपनी 26 वर्षीय पत्नी पर कथित तौर पर फ्लोर क्लीनर तेजाब फेंका और उस पर कई बार चाकू से हमला किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पश्चिम बंगाल की रहने वाली और यहां एक निजी क्लिनिक में नर्स के तौर पर काम करने वाली महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।

उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह करीब 9.15 बजे हुई जब महिला जेपी नगर के तीसरे चरण के क्लीनिक से नाश्ते के लिए बाहर निकली।

उस व्यक्ति ने कथित तौर पर उस पर फ्लोर-क्लीनर एसिड फेंका और उसका पीछा किया। उसने उसे तहखाने के प्रवेश द्वार के पास पकड़ लिया और उस पर छुरी से हमला कर दिया।

पास के ट्रैफिक पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

कथित घटना के एक कथित वीडियो में, हेलमेट पहने एक व्यक्ति को महिला पर कई बार हमला करते हुए देखा जा सकता है। घटनास्थल पर एकत्र कुछ लोग अपने मोबाइल फोन पर घटना को रिकॉर्ड करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनमें से कुछ हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि लोग संभवत: उस व्यक्ति से डरते थे जो उन पर छुरी से हमला कर रहा था और वे महिला को बचाने के लिए पास जाने से कतराते थे।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार दंपति मतभेदों के कारण कुछ समय से अलग रह रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *