यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO पद से हटाए गए विश्वभूषण मिश्रा

उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए हैं.  इस प्रशासनिक फेरबदल के बीच सबसे प्रमुख बदलाव वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन में देखने को मिला है. काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र वाराणसी विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विश्वभूषण मिश्रा को उनके पद से हटा दिया गया है. शासन ने विश्वभूषण मिश्रा को अब लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) में उपसचिव के पद की नई जिम्मेदारी सौंपी है.

मंदिर प्रशासन से आयोग में नई तैनाती

विश्वभूषण मिश्रा के पास काशी विश्वनाथ मंदिर और विशिष्ट क्षेत्र वाराणसी विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी थी. शासन द्वारा जारी ताजा आदेश के तहत उन्हें मंदिर प्रशासन के दायित्वों से मुक्त करते हुए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) में उपसचिव बनाकर भेजा गया है.

निकायों और अन्य विभागों में भी फेरबदल

प्रदेश स्तर पर हुए इस प्रशासनिक बदलाव की जद में कई अन्य विभाग और शहरी निकाय भी आए हैं. गाजियाबाद नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर नए अधिकारी की तैनाती की गई है. ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय में संयुक्त आयुक्त (प्रशासन) समेत कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

व्यवस्था को सुचारू बनाने की कवायद

शासन द्वारा किए गए इस तबादले को राज्य के अलग-अलग विभागों, आयोगों और धार्मिक-प्रशासनिक निकायों में कार्यप्रणाली को अधिक चुस्त-दुरुस्त और सुचारू बनाने के कदम के रूप में देखा जा रहा है.  काशी विश्वनाथ मंदिर के नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी के नाम का निर्णय भी जल्द ही शासन स्तर से किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *