दिल्ली एवं दिल्ली क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने गुरुवार को कहा कि भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा।
अफगानिस्तान यहां अरुण जेटली स्टेडियम में तीन मैचों की सीरीज के लिए भारत की मेजबानी करेगा जिसमें से मैच 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे।
डीडीसीए ने एक्स पर लिखा, ‘भारत-अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में पहला टी20 मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा।
दिल्ली यातायात पुलिस के साथ बैठक के बाद डीडीसीए को सभी जरूरी सहयोग और इंतजाम का आश्वासन दिया गया है। कोई स्थगन नहीं।
इससे पहले दिल्ली यातायात पुलिस ने डीडीसीए से कहा था कि वह सप्ताहांत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए व्यापक यातायात और सुरक्षा इंतजामों का हवाला देते हुए उद्घाटन मैच का कार्यक्रम फिर से तय करे।
डीडीसीए को 9 सितंबर को लिखे पत्र में डीसीपी ट्रैफिक (सेंट्रल रेंज) ने मैच के कार्यक्रम में बदलाव पर विचार करने का अनुरोध किया था।
पत्र में कहा गया है कि 12 और 13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों और वीवीआईपी के दिल्ली आने की उम्मीद है।
बयान में कहा गया है, ”शिखर सम्मेलन में व्यापक यातायात व्यवस्था की जरूरत है, जिसमें वीआईपी मार्ग नियमन, यातायात का मार्गांतरण, मार्ग को मंजूरी देना और विदेशी प्रतिनिधियों और संबद्ध वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए कर्मियों की तैनाती शामिल है।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ’13 सितंबर को होने वाले क्रिकेट मैच में करीब 25,000 से 35,000 दर्शकों के आने की उम्मीद है। इसके अलावा, पूरी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को पहले से ही ब्रिक्स से संबंधित यातायात विनियमन, डायवर्जन, रूट क्लीयरेंस और वीआईपी आवाजाही के लिए बड़े पैमाने पर तैनात किया जाएगा।
पत्र में कहा गया है, ‘ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अंतरराष्ट्रीय महत्व और प्राथमिकता को देखते हुए डीडीसीए से अनुरोध किया जाता है कि वह शिखर सम्मेलन के पूरा होने के बाद और संबंधित यातायात व्यवस्था के बाद मैच को किसी भी उपयुक्त तारीख तक स्थगित करने पर विचार करे।

