वाराणसी एयरपोर्ट पर हथियार जांच के दौरान चली गोली, दो स्टाफ घायल

वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चलने से दो लोग घायल हो गए. घटना करीब 9:30 बजे की है. जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ का एक यात्री अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जाने वाला था. उसके पास पिस्टल और मैगजीन थी, जिसे यात्री ने विमान में ले जाने के लिए पहले ही घोषित किया था. हथियार और उससे जुड़े कागजों की जांच के दौरान अचानक एक राउंड फायर हो गया. गोली जमीन से टकराने के बाद पास खड़े एक महिला और पुरुष स्टाफ को लग गई. महिला के जांघ और पुरुष के हाथ में गोली लगी है. दोनों को हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.

हथियार की जांच के दौरान चली गोली

वाराणसी एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि घटना के वक्त हथियार और उसके कागजों की जांच की जा रही थी. उन्होंने कहा, हथियार और उसके पेपर की जांच की जा रही थी, तभी गोली चल गई.’ उनके मुताबिक, जांच के दौरान हथियार के मालिक और एयरपोर्ट स्टाफ दोनों मौके पर मौजूद थे. एयरपोर्ट की ओर से बताया गया कि घटना में घायल दोनों AAICLAS स्क्रीनर्स की हालत सामान्य है और उनका उपचार चल रहा है.

स्थानीय पुलिस को दी गई सूचना

एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, घटना के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, हथियार यात्री की ओर से पहले ही घोषित किया गया था. अब जांच में यह देखा जा रहा है कि जांच प्रक्रिया के दौरान पिस्टल से फायर कैसे हुआ. फिलहाल दोनों घायल स्टाफ का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत सामान्य बताई गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *