मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य के 67 हजार युवाओं को मेरिट के आधार पर नियमित नौकरियां देकर रोजगार उपलब्ध कराया है और यह अभियान लगातार जारी है। यह बात लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने यहां अपने कार्यालय में ब्लॉक बरनाला से संबंधित 47 नव-नियुक्त आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों को नियुक्ति पत्र सौंपने के अवसर पर कही। उन्होंने नव-नियुक्त आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों को अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के अपने वादे को लगातार अमलीजामा पहनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 67 हजार युवाओं को पक्की नौकरियां दी गई हैं, जबकि पहले किसी भी सरकार द्वारा इतनी बड़ी संख्या में नियमित नौकरियां नहीं दी गईं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हर वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और योग्य उम्मीदवारों को पारदर्शी तरीके से तथा मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य राज्य के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर मुहैया कराने के साथ-साथ लोगों को बेहतर सेवाएं देना है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ (माताओं-बेटियों के सम्मान की योजना) महिलाओं की वित्तीय और सामाजिक समृद्धि के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस योजना के तहत तीन महीने की राशि जारी हो चुकी है और सरकार द्वारा शेष लाभार्थियों के लिए आज 1 अगस्त को यह राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और इस संबंध में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर नगर निगम बरनाला के मेयर हसन भारद्वाज, मार्केट कमेटी बरनाला के अध्यक्ष जसविंदर सिंह संघेड़ा, सीडीपीओ बरनाला अरविंदर सिंह भट्टी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

