पंजाब के आम आदमी क्लीनिक के अनुबंधित कर्मचारियों ने राज्य सरकार के आश्वासन के बाद मंगलवार को अपनी हड़ताल वापस ले ली, जिससे राज्य भर के सभी क्लीनिकों में स्वास्थ्य सेवाओं को फिर से शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हो गया।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इस घटनाक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार और उसके मंत्रियों के ठोस प्रयासों से यह सफलता हासिल की गई है। कर्मचारियों की शिकायतों को दूर करने के लिए गठित कैबिनेट उप-समिति के प्रमुख चीमा ने कहा कि सरकार ने अनुबंधित कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि उनकी उचित मांगों पर विचार किया जाएगा और उनका समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘हड़ताल वापस ले ली गई है और सभी आम आदमी क्लीनिकों में सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। सरकार बातचीत के माध्यम से अपने कर्मचारियों की वास्तविक चिंताओं को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट उप-समिति लंबित मुद्दों को हल करने के लिए पिछले कुछ दिनों से विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के साथ सक्रिय रूप से काम कर रही है।
अन्य विभागों में कर्मचारियों के बीच चल रही अशांति का जिक्र करते हुए चीमा ने कहा कि बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने 25 जुलाई को पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) की यूनियनों के साथ मैराथन बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने उनकी मांगों की जांच करने और समाधान की सिफारिश करने के लिए वित्त विभाग की एक समिति गठित करने के सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि इसके कारण यूनियनों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली और काम फिर से शुरू कर दिया।
वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल जल्द ही समाप्त होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और लाल चंद कटारूचक सफाई कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर रहे हैं ताकि उनकी शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान किया जा सके।
