राम को लाने का दावा करने वाले खुद हार गए… राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने खूब सुनाया

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे की हेरफेर को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में घमासान छिड़ गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी पार्टी पर अयोध्या को बदनाम करने और राम विरोधी होने के आरोपों पर अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने बेहद तीखा पलटवार किया है. अवधेश प्रसाद ने कहा कि जो लोग दावा करते थे कि ‘हम राम को लाए हैं, राम हमें लाएंगे’ उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में भगवान राम ने खुद नकार दिया. प्रभु श्रीराम तो अवधेश प्रसाद को लेकर आए हैं. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग राम के नाम पर व्यापार और कारोबार करने वाले लोग हैं. जबकि असली आस्था समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के मन में है.

‘भगवान राम जिस रास्ते से गुजरे, जनता ने वहां भाजपा को हरा दिया’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि 2024 के चुनाव नतीजों ने साफ कर दिया है कि भगवान राम किससे नाराज हैं. उन्होंने भौगोलिक समीकरण गिनाते हुए कहा ‘भाजपा के लोग राम के नाम के व्यापारी हैं. लोकसभा चुनाव में इन्होंने अयोध्या (फैजाबाद) सीट तो हारी ही, साथ ही इससे सटी हुई बाराबंकी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अंबेडकर नगर और इलाहाबाद की सीटें भी हार गए. भगवान राम वनवास के समय और रामायण काल में चित्रकूट और इलाहाबाद समेत जिस रास्ते से भी गुजरे थे, उस पूरे मार्ग की सभी सीटें उत्तर प्रदेश की देवतुल्य जनता ने समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन की झोली में डाल दीं.’

उन्होंने कहा कि 80 पार का नारा देने वाली भाजपा उत्तर प्रदेश में बुरी तरह हारी है और सूबे की जनता ने 43 सीटें (37 सपा और 6 कांग्रेस) गठबंधन को देकर यह साबित कर दिया है कि असली आस्थावान कौन है.

‘अखिलेश यादव मंदिर पूरा बनने पर सपरिवार दर्शन करने आएंगे’

सीएम योगी द्वारा विधानसभा सत्र के दौरान सपा विधायकों को अयोध्या न जाने देने और अखिलेश यादव के अब तक दर्शन न करने के सवाल पर अवधेश प्रसाद ने स्थिति साफ की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव निश्चित रूप से अयोध्या आएंगे. जब राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो जाएगा तब वह अपने पूरे परिवार के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम के दर्शन करने पहुंचेंगे. उन्होंने खुद के बारे में कहा कि वह तो रामलला के सेवक और कार्यकर्ता हैं, जो महीने में कम से कम दो बार हनुमानगढ़ी और मां सरयू के दर्शन करने लगातार जाते रहते हैं.

मनोज पांडे के इस्तीफे पर बोलने से बचे

सपा छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडे को लेकर जब सवाल पूछा गया तो अवधेश प्रसाद ने ज्यादा बोलने से परहेज किया. उन्होंने सिर्फ इतना कहा ‘मनोज पांडे ने किस परेशानी में, किस काम के लिए इस्तीफा दिया, मैं इसका खुलासा नहीं करना चाहता. वह हमारे साथ मंत्रिमंडल में रहे हैं, पीछे बैठते थे. लेकिन अब जो हमारे घर से चला गया है, उस पर बात करने का कोई मतलब नहीं है.’

एसआईटी जांच में होगा दूध का दूध और पानी का पानी

राम मंदिर के चढ़ावे और दानपात्र में कथित गड़बड़ी और चोरी के मुद्दे पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि इस पूरे महाघोटाले को उजागर करने का श्रेय पूरी तरह से सपा प्रमुख अखिलेश यादव को जाता है, जिन्होंने करीब 10-12 दिन पहले इस मुद्दे को उठाया था.

चोरी की गहराई और दोषियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि चूंकि अब राज्य सरकार ने एसआईटी (SIT) का गठन कर दिया है और मामला जांच के अधीन है. इसलिए रिपोर्ट आने से पहले किसी को सीधे दोषी ठहराना न्यायसंगत नहीं होगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि एसआईटी ईमानदारी से जांच करेगी और दोषियों को सामने लाकर दूध का दूध और पानी का पानी अलग करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *